देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बैंक कर्मचारियों की हर शनिवार छुट्टी की खबर फर्जी, सरकार ने जारी नहीं की कोई अधिसूचना

पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया पर वायरल राजपत्र को बताया फर्जी, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बातचीत जारी

नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों की हर शनिवार छुट्टी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर को सरकार ने खारिज कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हर शनिवार को अवकाश घोषित करने संबंधी कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत आने वाली पीआईबी फैक्ट चेक इकाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर वायरल दावे को फर्जी बताया। फैक्ट चेक इकाई के अनुसार सोशल मीडिया पर वित्त मंत्रालय के नाम से एक राजपत्र प्रसारित किया जा रहा है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखाओं में प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित किए जाने का दावा किया गया है। सरकार के मुताबिक यह दस्तावेज फर्जी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ फर्जी राजपत्र

वायरल दस्तावेज में दावा किया गया था कि विनिमय लेख अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत केंद्र सरकार ने लोकहित में सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित कर दिया है। दस्तावेज में इसे तत्काल प्रभाव से लागू होने की बात भी कही गई थी।

हालांकि पीआईबी फैक्ट चेक ने स्पष्ट किया कि वित्त मंत्रालय ने ऐसी कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। इसलिए बैंक कर्मचारियों की हर शनिवार छुट्टी लागू होने की खबर को सही नहीं माना जा सकता।

पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बातचीत जारी

बैंक कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन कार्यदिवस की मांग की जाती रही है। इसी मुद्दे को लेकर सरकारी बैंक कर्मचारियों ने 28 से 30 सितंबर तक आंदोलन और हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया था।

हालांकि इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के प्रतिनिधियों के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी।

उच्चस्तरीय समिति करेगी विकल्पों पर विचार

बैठक में तय किया गया कि बैंकों में बचे हुए शनिवार को भी अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। यह समिति पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह से जुड़े विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी।

समिति विभिन्न हितधारकों से भी चर्चा करेगी और ऐसा समाधान तलाशने का प्रयास करेगी, जो बैंक कर्मचारियों के साथ-साथ ग्राहकों तथा अन्य संबंधित पक्षों के लिए भी स्वीकार्य हो।

फिलहाल पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में हर शनिवार छुट्टी लागू होने संबंधी कोई सरकारी अधिसूचना जारी नहीं हुई है।

Author

Related Articles

Back to top button