देश विदेशब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जरूरत पड़ी तो 108 एम्बुलेंस बनी प्रसव कक्ष

रास्ते में बिगड़ी महिला की हालत, ईएमटी ने सूझबूझ से कराया सुरक्षित प्रसव

सिंगरौली। प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरवा से जिला अस्पताल बैढ़न ले जा रही 108 एम्बुलेंस में रास्ते में ही प्रसव कराना पड़ा। ईएमटी अनिल कुमार वैस ने स्थिति को भांपते हुए एम्बुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रुकवाकर उपलब्ध संसाधनों के बीच महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।

जानकारी के अनुसार पूनम, पति अर्जुन बसोर को प्रसव पीड़ा के चलते मोरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल बैढ़न रेफर किया गया था। एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। ईएमटी अनिल कुमार वैस ने चालक अनुपम पनिका को एम्बुलेंस सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रोकने का संकेत दिया। इसके बाद आवश्यक व्यवस्था करते हुए एम्बुलेंस को ही अस्थायी प्रसव कक्ष बनाया गया।

ईएमटी ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा और नवजात को जिला अस्पताल बैढ़न पहुंचाया गया।

परिजनों ने एम्बुलेंस कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ की सराहना की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने भी आपात स्थिति में कर्मचारियों द्वारा दिखाई गई तत्परता की प्रशंसा की। नोडल अधिकारी डीएन माझी ने बताया कि एम्बुलेंस में प्रसव का यह पहला मामला नहीं है। प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा पूर्व में भी ऐसी परिस्थितियों में सुरक्षित प्रसव कराया जा चुका है।

Author

Related Articles

Back to top button