अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धजनों का सम्मान समारोह आयोजित
झुर्रियों में छिपे अनुभव से सीख लें, झुकते कंधों का सहारा बनें : राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह

सिंगरौली,। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में वृद्धजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री रामनिवास शाह, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा वृद्धजनों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि वृद्धजनों की झुर्रियों में जीवन का अनुभव छिपा है और उनके झुकते कंधों का सहारा बनना हम सभी का दायित्व है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा वृद्धजनों के सुखमय एवं सम्मानजनक जीवन के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजन इन योजनाओं का लाभ उठाएं तथा संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि पात्र वृद्धजनों को शासन की योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि वृद्धजन समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, उनके अनुभवों से युवा पीढ़ी अपने जीवन को बेहतर दिशा दे सकती है।
विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में युवा पीढ़ी को अपने बुजुर्गों के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। वृद्धजनों का अनुभव ज्ञान के खजाने के समान है। हमें उनके साथ समय बिताकर उनके अनुभवों से सीख लेनी चाहिए। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संघप्रिय ने वृद्धजनों के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सामाजिक न्याय एवं सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। समारोह के दौरान वृद्धजनों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए तथा मनमोहक भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। अतिथियों द्वारा वृद्धजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में वृद्धजनों के लिए रुचिकर भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान उप संचालक, जनजातीय कार्य विभाग रेखा पंचाल, सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य उपस्थित रहे।











