जुड़वा पार्क में ‘आई लव बैढ़न’ से तोड़फोड़, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कलेक्टर कार्यालय माजन मोड़ के समीप हुई घटना, सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की मांग

सिंगरौली। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय माजन मोड़ के समीप नगर निगम के जुड़वा पार्क में लगाए गए ‘आई लव बैढ़न’ संरचना में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस सौंदर्यीकरण कार्य को अदानी कंपनी द्वारा कराया गया था।घटना के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि शहर के प्रमुख स्थान पर स्थित पार्क में इस तरह तोड़फोड़ की घटना हो सकती है तो वहां सुरक्षा की व्यवस्था कितनी प्रभावी है, इसकी भी जांच की जानी चाहिए।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना?
बताया जा रहा है कि पार्क परिसर में सुरक्षा कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में पुलिस और नगर निगम प्रशासन को सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए। फुटेज से यह स्पष्ट हो सकता है कि तोड़फोड़ कब और किन लोगों द्वारा की गई।
तोड़फोड़ की वजह भी जांच का विषय
‘आई लव बैढ़न’ को किस वजह से नुकसान पहुंचाया गया, यह भी जांच का विषय है। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।घटना के बाद लोगों ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने, क्षतिग्रस्त संरचना को ठीक कराने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।












