सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का किया गया सम्मान

सिंगरौली,। 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत सेक्टर मकरी के आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिला एवं बाल विकास तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किए जा रहे कार्यों को प्रोत्साहित करना एवं उनके योगदान का सम्मान करना रहा। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों के प्रभावी निर्वहन, बच्चों एवं महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस दौरान विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।












