स्व-सहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता एवं बीमा सेवाओं की दी जानकारी
वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने बैंकिंग सेवाओं, बचत, डिजिटल लेन-देन एवं बीमा योजनाओं के सुरक्षित उपयोग पर दिया गया प्रशिक्षण

सिंगरौली / मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संकुल स्तरीय संगठन सीधी खुर्द में वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिला सदस्यों को वित्तीय समावेशन, बैंकिंग सेवाओं एवं विभिन्न बीमा योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित एवं सुगम उपयोग, नियमित बचत, बैंक खातों के समुचित संचालन तथा डिजिटल वित्तीय लेन-देन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न बीमा योजनाओं की उपयोगिता, पात्रता एवं उनके माध्यम से प्राप्त होने वाले वित्तीय सुरक्षा लाभों से अवगत कराया गया। महिलाओं को वित्तीय लेन-देन में आवश्यक सावधानी बरतने तथा उपलब्ध बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं में वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देना, उन्हें बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं से जोड़ना तथा आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में संकुल स्तरीय संगठन की पदाधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिला सदस्य तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











