नगर परिषद सरई में सेवा सेतु अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित

सरई। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और लोक सेवाओं को सीधे आमजन की चौखट तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित किए जा रहे सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत रविवार को नगर परिषद सरई के वार्ड क्रमांक-3 स्थित सामुदायिक भवन में सेवा सेतु मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुभाष रामचरित्र वर्मा, विशिष्ट अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह, उपाध्यक्ष विजय गुप्ता ‘बल्ली’, कार्यक्रम प्रभारी रमापति जायसवाल, सह प्रभारी रामधनी यादव सहित पार्षद राघव सिंह, प्रेम सिंह भाटी, एल्डरमैन रमेश गुप्ता, ददनी जायसवाल एवं राजकुमार दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। शिविर के दौरान अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में पहुंचे नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर पात्रतानुसार शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लोक सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाने के साथ पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। सेवा सेतु शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लिया।मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुभाष रामचरित्र वर्मा ने अपने उद्बोधन में सेवा सेतु अभियान को शासन और आमजन के बीच मजबूत संवाद एवं सेवा का माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर अनेक शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन तथा विभागीय अमले को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर एसडीएम सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, तहसीलदार एवं डिप्टी कलेक्टर धर्म प्रकाश मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेंद्र सिंह उईके, संजय साकेत, विजय जायसवाल, विनय साकेत, दिनेश साकेत, कुलदीप रावत, आनंद सिंह, भगोले साकेत सहित नगर परिषद सरई एवं विभिन्न विभागों का अमला मौजूद रहा।













