शराब पीकर वाहन चलाने वाले छह ट्रक चालक पकड़े, वाहन जब्त कर न्यायालय भेजे जाएंगे
यातायात पुलिस ने 87 वाहनों की जांच की, छह चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव

सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को लेकर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत 3-4 अक्टूबर की मध्यरात्रि में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने शहर के निगाही मोड़, अमलोरी तिराहा और पुराना ट्रैफिक तिराहा पर अलग-अलग स्थानों पर औचक चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान करीब 87 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान छह ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। यातायात पुलिस ने संबंधित ट्रकों को जब्त कर लिया है। इन वाहनों को आवश्यक निराकरण के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने वाहन चालकों को समझाइश देते हुए कहा कि शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाने से वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
छह चालकों के लाइसेंस निलंबन की तैयारी
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित छह वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस छह माह के लिए निलंबित किए जाने की कार्रवाई प्रस्तावित है। इसके लिए प्रस्ताव संबंधित जिला परिवहन कार्यालय को भेजा जाएगा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस टीम द्वारा की गई। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।













