ओवरलोड राखड़ वाहनों पर व्यापारियों का आक्रोश, थाने में सौंपा ज्ञापन
सड़क पर गिर रही राख से बढ़ी परेशानी, दुकानों और सड़क किनारे सामान पर जम रही राख की परत

शक्तिनगर। क्षेत्र में ओवरलोड राखड़ वाहनों के आवागमन और सड़क पर राख गिरने की समस्या को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को व्यापारियों ने शक्तिनगर थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और समस्या के समाधान की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।व्यापारियों का कहना है कि मध्य प्रदेश की ओर से आने वाले राखड़ लदे वाहनों से कोटा बस्ती, शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर मार्ग और पीडब्ल्यूडी मोड़ के आसपास परेशानी बढ़ रही है। वाहनों से सड़क पर गिरने वाली गीली राख कुछ समय बाद सूखकर हवा में उड़ने लगती है। इससे सड़क पर धूल और राख का गुबार बनने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है।
व्यापारियों के मुताबिक राख उड़ने के कारण दुकानों और सड़क किनारे रखे सामान पर राख की परत जम रही है। इससे व्यापारियों को दुकानें साफ रखने में भी परेशानी हो रही है।
नियमित सफाई और पानी के छिड़काव की मांग
व्यापारियों ने राख से प्रभावित सड़कों की नियमित सफाई और पानी के छिड़काव की व्यवस्था कराने की मांग रखी। साथ ही राख परिवहन के दौरान निर्धारित मानकों का पालन कराने और ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन का रास्ता अपनाने पर विचार किया जा सकता है।
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन मिलने के बाद शक्तिनगर थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि ज्ञापन संबंधित अधिकारियों तक भेजा जाएगा। साथ ही निर्देश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क पर राख गिरने और ओवरलोड वाहनों की समस्या पर प्रभावी कदम उठाएंगे।













