बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी के उन्मूलन हेतु जिला स्तरीय सतर्कता समिति एवं टास्क फोर्स की बैठक आयोजित

बाल श्रम की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई एवं रेस्क्यू ऑपरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश

सिंगरौली, 5 अक्टूबर 2026/ जिले में बाल श्रम के पूर्ण उन्मूलन एवं बंधुआ मजदूरी की प्रभावी रोकथाम के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता समिति एवं टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. उपस्थित रहे। बैठक में बच्चों के मौलिक अधिकारों के संरक्षण, श्रम कानूनों के कड़ाई से पालन तथा जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी जैसी सामाजिक बुराइयों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर जिला स्तरीय टास्क फोर्स तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करे। आवश्यकता अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बच्चों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों में बंधुआ मजदूरी की संभावनाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा जिले में अन्य राज्यों से आने वाले श्रमिकों का आवश्यक सत्यापन एवं जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि बाहर से आने वाले श्रमिकों से किसी भी स्थिति में बंधुआ मजदूरी न कराई जा रही हो।

कलेक्टर ने औद्योगिक एवं विस्फोटक कंपनियों सहित अन्य प्रतिष्ठानों, ढाबों, होटलों, निर्माण स्थलों, ईंट-भट्टों एवं व्यावसायिक संस्थानों में नियमित एवं औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से खतरनाक उद्योगों, रासायनिक उद्योगों एवं खनिज प्रसंस्करण से जुड़ी संस्थाओं में यह जांच सुनिश्चित करने को कहा गया कि कहीं बाल श्रमिकों को नियोजित तो नहीं किया गया है। उन्होंने श्रम विभाग, पुलिस एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित नियोक्ताओं एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने रेस्क्यू किए गए बच्चों एवं श्रमिकों के पुनर्वास पर भी विशेष जोर दिया।

 

उन्होंने निर्देश दिए कि पात्रतानुसार उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से तत्काल जोड़ा जाए तथा बच्चों के लिए सुरक्षित ठहराव, पुनर्वास एवं अनिवार्य शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे पुनः बाल श्रम अथवा बंधुआ मजदूरी के दुष्चक्र में न फंसें। बैठक में अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, श्रम पदाधिकारी श्री डी.पी. वाजपेयी, बाल संरक्षण अधिकारी श्री नीरज शर्मा, सीडब्ल्यूसी चेयरमैन श्री आर.डी. पाण्डेय, शिक्षा विभाग से श्री सर्वेश कुमार द्विवेदी, विशेष किशोर पुलिस इकाई से श्री अशोक सिंह तोमर, श्रम निरीक्षक श्री राहुल चैकसे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button