सड़क निर्माण की बाधाएं दूर करने ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक राजेन्द्र मेश्राम

सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में विधायक राजेन्द्र मेश्राम लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को उन्होंने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सितुल, जरहा, बनौली सहित विभिन्न स्थानों का दौरा कर सड़क की आवश्यकता वाले क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया।
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में कई ऐसे स्थान हैं, जहां किसी कारणवश सड़क निर्माण नहीं हो पाया है अथवा निर्माण कार्य में भूमि संबंधी बाधाएं सामने आ रही हैं। ऐसी स्थिति में वे स्वयं ग्रामवासियों के बीच पहुंचकर संवाद कर रहे हैं और जनहित में सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह कर रहे हैं, ताकि निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो सके और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इंजीनियर एपी साकेत, खुटार मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार शाह एवं क्षेत्रवासियों के साथ विधायक ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क निर्माण की संभावनाओं, स्थल की स्थिति तथा आ रही बाधाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि देवसर विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका प्रयास है कि जिन गांवों में सड़क सुविधा नहीं है, वहां सड़क पहुंचाई जाए और प्रत्येक गांव के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं का समाधान आपसी संवाद और सहयोग से किया जा सकता है। जनहित के कार्यों को गति देने के लिए वे आवश्यकता पड़ने पर स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे चर्चा करते रहेंगे।













