बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

व्हीकल फैक्ट्री के पास संदिग्ध युवक हिरासत में, पाकिस्तान से आने का दावा

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना, युवक के साथ 11 अन्य लोगों के भारत आने की बात भी सामने आई

जबलपुर। रक्षा मंत्रालय की व्हीकल फैक्ट्री (वीएफजे) के पास बुधवार सुबह एक संदिग्ध युवक के मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों ने युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर पुलिस को सूचना दी। रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक ने पूछताछ के दौरान खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया और दावा किया कि वह बाघा सीमा के रास्ते भारत आया है। उसने अपने साथ 11 अन्य लोगों के आने की बात भी कही है। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस युवक की पहचान और उसके भारत आने के संबंध में जांच कर रही है।

बताया गया कि युवक व्हीकल फैक्ट्री की कॉलोनी स्थित मंदिर के पास बैठा था। उसकी गतिविधियां असामान्य लगने पर स्थानीय लोगों ने उससे पूछताछ की। मौके पर मौजूद अधिवक्ता आशीष प्रजापति ने युवक का वीडियो भी बनाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रांझी पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे एएसआई सीताराम ने युवक को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, युवक की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी, इसलिए पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद विस्तृत पूछताछ कर उसकी पहचान, भारत में प्रवेश और जबलपुर पहुंचने के कारणों की जानकारी जुटाई जाएगी।

व्हीकल फैक्ट्री रक्षा मंत्रालय से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान है, जहां भारतीय सेना के लिए आवश्यक उपकरणों का निर्माण होता है। ऐसे में फैक्ट्री के आसपास संदिग्ध युवक के मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक वास्तव में विदेशी नागरिक है या नहीं और यदि वह विदेशी है तो भारत में किस रास्ते से दाखिल हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button