जनवरी में ज्वाइनिंग के बाद भी बड़गड़ में नहीं पहुंचीं एएनएम मधु सोलंकी, ड्यूटी को लेकर उठे सवाल
सिंगरौली। माड़ा तहसील क्षेत्र के मकरोहर, बड़गड़ एवं जोगियानी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एएनएम मधु सोलंकी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार मधु सोलंकी की जनवरी माह में ज्वाइनिंग हुई थी, लेकिन बड़गड़ क्षेत्र में अब तक उनकी एक भी दिन उपस्थिति नहीं देखे जाने का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड क्रमांक-1 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर भी एएनएम की नियमित उपस्थिति नजर नहीं आई। वहीं वार्ड क्रमांक-1 और 2 में कार्यरत आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी संबंधित एएनएम के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच सवाल है कि गर्भवती महिलाओं, बच्चों के टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित कार्य कौन संभाल रहा है।
एएनएम की जिम्मेदारी ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में महत्वपूर्ण होती है। इसलिए उनकी पदस्थापना और उपस्थिति को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि विभाग एएनएम की ज्वाइनिंग तिथि, वास्तविक पदस्थापना, निर्धारित कार्यक्षेत्र और जनवरी से अब तक की उपस्थिति का रिकॉर्ड स्पष्ट करे। विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।













