बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी विंध्याचल मुख्य गेट पर घंटों लगा जाम, भारी वाहनों की कतार से राहगीर परेशान

 

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के मुख्य गेट के आसपास गुरुवार को भारी वाहनों की लंबी कतार लगने से घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। सड़क के दोनों ओर भारी वाहन आड़े-तिरछे खड़े होने के कारण आम राहगीरों के साथ स्कूल वाहन, गैस वाहन, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और एनटीपीसी कर्मचारियों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जाम के दौरान मौके पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मी और यातायात पुलिस की मौजूदगी नहीं थी। इसके चलते भारी वाहनों को नियंत्रित करने में परेशानी हुई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

कई बार शिकायत के बावजूद समस्या बरकरार
वार्ड के कांग्रेस पार्षद प्रेमसागर मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र की जर्जर सड़क, फ्लाई ऐश वाहनों से होने वाले प्रदूषण, पानी का पर्याप्त छिड़काव नहीं होने और लगातार लगने वाले जाम की समस्या को लेकर वे कई बार एनटीपीसी विंध्याचल, एनटीपीसी सिंगरौली, जिला प्रशासन और कलेक्टर को पत्राचार के माध्यम से अवगत करा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बन सकी है।
पार्षद के मुताबिक सड़क निर्माण का टेंडर कई माह पहले हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है। वहीं जर्जर सड़क की मरम्मत और धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव भी पर्याप्त नहीं हो रहा है। इससे भारी वाहनों की आवाजाही के बीच जाम और धूल प्रदूषण की समस्या बनी हुई है।

स्कूली बच्चों की आवाजाही भी प्रभावित
जाम का असर स्कूली बच्चों के आवागमन पर भी पड़ रहा है। स्कूल वाहन और निजी वाहन जाम में फंसने के कारण छात्र-छात्राओं को समय पर स्कूल पहुंचने में परेशानी होने की बात सामने आई है। सुबह और स्कूल की छुट्टी के समय भारी वाहनों की कतार लगने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ रही है।

यातायात व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
पार्षद प्रेमसागर मिश्रा ने कहा कि एनटीपीसी के मुख्य गेट जैसे व्यस्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार भारी वाहन सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे आवागमन बाधित होता है।उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन और जिला प्रशासन से भारी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने, सड़क की मरम्मत, नियमित पानी का छिड़काव और लंबित सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है।

पर्यावरणीय मानकों के पालन की भी मांग
पार्षद ने फ्लाई ऐश परिवहन और भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े पर्यावरणीय मानकों के पालन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने संबंधित प्रबंधन से एनजीटी और अन्य सक्षम प्राधिकरणों के नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।उन्होंने कहा कि जाम, सड़क की खराब स्थिति, धूल प्रदूषण और भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग जैसी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के हित में आंदोलन किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button