बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवरात्रि को लेकर सिंगरौली पुलिस अलर्ट, 150 जवानों ने निकाला फ्लैग मार्च

एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा की मौजूदगी में बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में मार्च, त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की उपस्थिति में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने बैढ़न, विंध्यनगर और नवानगर थाना क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों तथा संवेदनशील इलाकों में मार्च किया। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकाला गया।

सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा ने अधिकारियों को नियमित पैदल गश्त, सतत निगरानी, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। दुर्गा पूजा पंडालों और धार्मिक आयोजन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।आयोजन समितियों से सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश, व्यवस्थित प्रवेश-निकास और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम करने की अपील की गई।

अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि एवं आगामी त्योहार श्रद्धा, उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर देने का आग्रह किया।फ्लैग मार्च में एसडीओपी सिंगरौली अमित कुमार, सीएसपी विंध्यनगर हेमंत कुमार, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, यातायात प्रभारी आशीष तिवारी सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Author

Related Articles

Back to top button