एमपी के 18 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हाई पे-स्केल की सौगात, दो श्रेणियों में मिली मंजूरी

भोपाल। मध्य प्रदेश शासन ने राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 18 वरिष्ठ अधिकारियों को उच्च वेतनमान का लाभ देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में लिए गए इस फैसले के तहत सात अधिकारियों को अधिसमय वेतनमान (सुपर टाइम स्केल) और 11 अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान (सीनियर सिलेक्शन ग्रेड) स्वीकृत किया गया है।
गृह विभाग की विभागीय छानबीन समिति ने अधिकारियों की पात्रता और सेवाकाल का परीक्षण करने के बाद यह निर्णय लिया। शासन के अनुसार, इस कदम से लंबे समय से सेवाएं दे रहे अधिकारियों को उनके अनुभव और सेवाकाल के अनुरूप वेतनमान का लाभ मिलेगा।
अधिसमय वेतनमान पाने वाले सात अधिकारियों में अजय प्रताप सिंह, घनश्याम मालवीय, इरमीन शाह, अरविंद कुमार दुबे, अमरेंद्र सिंह, आशीष खरे और उमेश कुमार शर्मा शामिल हैं। ये अधिकारी वर्ष 2001 बैच तक के हैं।
वहीं, वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान के लिए वर्ष 2006 बैच तक के 11 अधिकारियों को स्वीकृति दी गई है। इनमें परमिंदर सिंह सैनी, नवीन कुमार चौधरी, अखिलेश सिंह रेनवाल, अभिषेक दीवान, डॉ. संजीव कुमार उईके, शिवकुमार सिंह, अंतर सिंह कनेश, नवल सिंह सिसोदिया, ज्योति ठाकुर, सुनीता रावत और बालमुकुंद शाक्य शामिल हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि नियमानुसार उच्च वेतनमान का लाभ मिलने से वरिष्ठ अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा और पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता मजबूत होगी।













