देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

हाईटेंशन तार की चपेट में आई मां दुर्गा की मूर्ति, आग लगने से चार युवक झुलसे

खंडवा। मध्य प्रदेश के इंदौर-ऐदलाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोकलगांव टोल बूथ के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बुरहानपुर से खंडवा लाई जा रही मां दुर्गा की करीब 15 फीट ऊंची मूर्ति हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। तारों से निकली चिंगारी से मूर्ति की साड़ी में आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से ट्रॉली पर सवार चार युवक झुलस गए। हादसे के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, खंडवा के टपालचाल चौक नवदुर्गा उत्सव समिति के सदस्य मूर्ति लेने बुरहानपुर गए थे। वापसी के दौरान मोकलगांव के पास यह दुर्घटना हुई। झुलसने वालों में उदय हाथमोड़े, क्रिश नीलकंठ, कपिल माने और राजा नामक युवक शामिल हैं। चारों को राजमार्ग की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना मिलने पर विधायक कंचन तनवे अस्पताल पहुंचीं और घायलों के परिजनों से मुलाकात कर उपचार के निर्देश दिए। इस दौरान बर्न वार्ड में पंखा खराब होने की बात सामने आने पर लोगों ने नाराजगी जताई।

समिति अध्यक्ष नितेश मेढ़े ने हादसे के लिए राजमार्ग पर कम ऊंचाई पर झूल रहे हाईटेंशन तारों को जिम्मेदार बताया। उनका कहना है कि इस स्थान पर पहले से तारों की कम ऊंचाई को लेकर बैरिकेडिंग की गई है। अब समिति मूर्ति की मरम्मत कराने या नई मूर्ति स्थापित करने पर निर्णय लेगी।

Author

Related Articles

Back to top button