देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बोकारो के वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, गैस की चपेट में आने से दो कर्मचारियों की मौत

ब्लास्ट फर्नेस-1 में काम के दौरान बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम; पुलिस ने शुरू की जांच, कंपनी कराएगी स्वतंत्र जांच

बोकारो, 11 अक्टूबर। झारखंड के बोकारो जिले के सियालजोड़ी थाना क्षेत्र स्थित वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस-1 में काम करने के दौरान दो कर्मचारी कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, मृतकों में एक कंपनी का एग्जीक्यूटिव था, जबकि दूसरा बिजनेस पार्टनर के अधीन इंजीनियर के रूप में कार्यरत था।

अस्पताल में नहीं बच सकी जान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ब्लास्ट फर्नेस-1 में काम के दौरान गैस के संपर्क में आने से दोनों कर्मचारियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी गई और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हालांकि, दोनों की मौत किस गैस के संपर्क में आने से हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इसमें औद्योगिक सुरक्षा मानकों से जुड़ी कोई चूक हुई थी।

कंपनी ने जताया शोक, स्वतंत्र जांच का आश्वासन

ईएसएल स्टील लिमिटेड प्रबंधन ने घटना पर दुख जताते हुए मृत कर्मचारियों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने दावा किया है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही मामले की स्वतंत्र जांच कराने की बात कही गई है।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। औद्योगिक संयंत्र में एक ही घटना में दो कर्मचारियों की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Author

Related Articles

Back to top button