पत्नी गई थी मवेशियों को पानी पिलाने, पीछे से सूने घर में पति ने फांसी लगाकर दी जान

सिंगरौली: जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम बसौड़ा में एक व्यक्ति द्वारा अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बसौड़ा निवासी राम नंदन पन्डो (पिता राम सुन्दर पन्डो) के रूप में हुई है।
मिली जानकरी के अनुसार, यह घटना शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। मृतक राम नंदन की पत्नी मवेशियों (गाय-बैलों) को पानी पिलाने के लिए घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान राम नंदन ने अपने ही घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
जब पत्नी घर लौटी तो पति को फांसी के फंदे पर लटकता देख उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल माड़ा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची माड़ा पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल व्यक्ति ने इतना बड़ा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, आत्महत्या के असल कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













