देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

परगट सिंह ने संभाली पंजाब कांग्रेस की कमान, बोले—किसानों और युवाओं के हकों की लड़ाई लड़ेगी पार्टी

सचिन पायलट ने सौंपी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी, परगट सिंह ने कहा—कांग्रेस चुनाव के साथ जनता की आवाज भी बनेगी

चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर उन्होंने पंजाब के लोगों के अधिकारों, सम्मान और बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया। पंजाब कांग्रेस प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।

पदभार ग्रहण करने से पहले परगट सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारियों के साथ पार्टी का ध्वज फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए गुरु परंपरा के ‘सरबत दा भला’ संदेश का उल्लेख किया और कहा कि पंजाब की राजनीति तथा समाज का आधार सभी की भलाई होना चाहिए।

परगट सिंह ने कहा कि पंजाब की असली ताकत किसान, युवा, व्यापारी और आम परिवार हैं। किसान देश का पेट भरते हैं, युवा बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं और कारोबारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जिम्मेदारी केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की आवाज बनकर उसके अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ा होना है।

किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा

परगट सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को कांग्रेस की चिंता करने के बजाय पंजाब की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अनुभवी नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम है, जो मिलकर प्रदेश के हितों की लड़ाई लड़ेगी।

किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस आंदोलन ने दिखाया कि जब लोग अपने अधिकारों के लिए एकजुट होते हैं, तो उनकी आवाज को नजरअंदाज करना आसान नहीं होता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की राजनीति की आलोचना करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किए जाने का आरोप लगाया।

सचिन पायलट बोले—जनता का विश्वास जीतना प्राथमिकता

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने परगट सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत नेतृत्व के साथ अनुभवी और समर्पित टीम का होना जरूरी है। परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का सहयोग मिलेगा।

पायलट ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों का विश्वास जीतना और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बाजवा ने कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याएं उठाईं

पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने प्रदेश में सुरक्षित माहौल, बेहतर कानून-व्यवस्था और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने गैंगस्टरवाद और माफिया गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। बाजवा ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे अपराध की राह पर जाने के बजाय अपने भविष्य को संवार सकें।

उन्होंने मतदाता सूची से कथित तौर पर 20 लाख वोट काटे जाने के मुद्दे पर भी चिंता जताई और मंडियों में किसानों की फसल खरीद से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और राजिंदर कौर भट्ठल, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, अमर सिंह, मनीष तिवारी और धर्मवीर गांधी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह दूल्लो, प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी सूरज सिंह ठाकुर, रविंद्र दलवी और हीना कांवरे सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।इसके अलावा पूर्व मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और पंजाब के किसानों, युवाओं तथा आम जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की प्रतिबद्धता जताई।

Author

Related Articles

Back to top button