क्राइम न्यूज़देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

शादी के तीसरे दिन ही नवविवाहिता पर परिवार को जहर देने का आरोप, गहने और नकदी लेकर फरार

महाराष्ट्र के जलगांव की घटना से मचा हड़कंप, पुलिस ने दुल्हन समेत दो महिलाओं को हिरासत में लिया

मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शादी के महज तीसरे दिन एक नवविवाहिता पर अपने पति और ससुराल के सदस्यों के खाने में चूहे मारने की दवा मिलाने का आरोप लगा है। खाना खाने के कुछ देर बाद परिवार के चार सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आरोप है कि घटना के बाद नवविवाहिता एक अन्य महिला के साथ घर से गहने और शादी में मिले रुपये लेकर फरार हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है।

7 अक्टूबर को हुई थी शादी, 9 अक्टूबर को घटना

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मामला जलगांव जिले के परोला तालुका के वेल्हाने गांव का है। यहां 32 वर्षीय युवक की शादी 7 अक्टूबर को हुई थी। आरोप है कि 9 अक्टूबर की रात नवविवाहिता ने अपने पति सहित परिवार के चार सदस्यों के भोजन में चूहे मारने की दवा मिला दी। खाना खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

बुजुर्ग दंपती अस्पताल में भर्ती

परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ने पर बुजुर्ग दंपती को धुले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, उपचार के बाद परिवार के सदस्यों की हालत में सुधार होने की सूचना है।

पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शन

घटना के बाद आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस स्टेशन के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की और कथित तौर पर फरार होने की कोशिश कर रही दोनों महिलाओं को धुले जिले के निमगुल गांव के पास से हिरासत में ले लिया।

झारखंड की रहने वाली हैं दोनों महिलाएं

पुलिस के अनुसार, आरोपी नवविवाहिता की पहचान सुमन सुभाष साहनी के रूप में हुई है, जबकि दूसरी महिला का नाम आरती सूर्याक्ष पटेल बताया गया है। दोनों झारखंड की रहने वाली हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक ने दूसरे राज्य की युवती से शादी करने के लिए कथित तौर पर 2.5 लाख रुपये देकर उसे महाराष्ट्र लाया था।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल, परिवार को जहर देने और घर से गहने व नकदी ले जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button