शिक्षा के मंदिर का रास्ता गंदे पानी और कचरे से घिरा
देवसर महाविद्यालय के 1000 से अधिक विद्यार्थी परेशान, रोजाना 2 से 3 हजार लोगों का होता है आवागमन

सिंगरौली। शिक्षा के मंदिर तक पहुंचने का रास्ता ही गंदे पानी और कचरे से घिरा हो, तो विद्यार्थियों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। देवसर में राष्ट्रीय राजमार्ग से शासकीय महाविद्यालय की ओर जाने वाली पीसीसी सड़क पर गंदा पानी बहने और कचरा जमा होने से छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि इस मार्ग से महाविद्यालय के 1000 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके अलावा ग्रामीणों सहित रोजाना करीब दो से तीन हजार लोग इस सड़क का उपयोग करते हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
दुर्गंध के बीच गुजरने को मजबूर विद्यार्थी
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर बहते गंदे पानी और जमा कचरे से दुर्गंध फैलती है। विद्यार्थियों को इसी रास्ते से होकर महाविद्यालय पहुंचना पड़ता है। लोगों का कहना है कि पूर्व में भी जनप्रतिनिधियों के सामने समस्या उठाई गई, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मार्ग का निरीक्षण कराकर गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने और कचरे की नियमित सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हजारों लोगों के रोजाना उपयोग में आने वाले इस मार्ग की समस्या का जल्द समाधान होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।











