अब जंतर-मंतर पर नहीं होंगे प्रदर्शन, गृह मंत्रालय ने तय किए तीन नए स्थल
रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबी मैदान बने नए प्रदर्शन स्थल; दिल्ली पुलिस जारी करेगी संशोधित दिशा-निर्देश

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थलों को लेकर गृह मंत्रालय ने बड़ा बदलाव किया है। अब जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है। इसके स्थान पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबी मैदान को विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए निर्धारित किया गया है। दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर नई व्यवस्था की जानकारी दी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, गृह मंत्रालय ने नागरिकों के विरोध-प्रदर्शन करने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए मौजूदा निर्धारित स्थल के अलावा अन्य उपयुक्त स्थानों की पहचान करने के लिए एक समिति गठित की थी। समिति की सिफारिशों के बाद जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में हटाने का निर्णय लिया गया है।
इन तीनों नए स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। पुलिस का यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पुराने स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन है।
लगातार प्रदर्शनों से व्यवस्था पर पड़ रहा था असर
जंतर-मंतर लंबे समय से विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के विरोध-प्रदर्शनों का प्रमुख केंद्र रहा है। हाल के दिनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी यहां प्रदर्शन करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई कदम उठाए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने से पहले हिरासत में लिया गया था।
प्रदर्शनों के दौरान यातायात और सार्वजनिक व्यवस्था पर पड़ने वाले असर को भी स्थल बदलने के फैसले की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, नए स्थलों पर प्रदर्शन की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य शर्तों का विस्तृत ब्योरा संशोधित एसओपी जारी होने के बाद स्पष्ट होगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस की चेतावनी
इसी बीच, दिल्ली यातायात पुलिस ने सोमवार को नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में संभावित यातायात बाधाओं को लेकर यात्रियों को सतर्क किया है। विपक्ष के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए करीब 30 स्थानों पर यातायात प्रतिबंध या मार्ग परिवर्तन किए जाने की संभावना जताई गई है।
धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पटेल चौक, पंचकुइयां, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, लोधी रोड फ्लाईओवर, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर सहित कई प्रमुख मार्गों पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा जंतर-मंतर रोड, अशोक रोड, संसद मार्ग और टॉल्स्टॉय मार्ग पर भी यात्रियों को देरी या प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी लें और संभावित जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।













