बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तुलसी बलियरी में दुर्गा पंडालों के आसपास चला सफाई अभियान

पार्षद अनिल कुमार वैश्य के नेतृत्व में हुई साफ-सफाई, खराब विद्युत पोलों की मरम्मत भी कराई गई

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए सोमवार को नगर निगम के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी बलियरी में विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। वार्ड पार्षद अनिल कुमार वैश्य के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत पूजा स्थलों के आसपास साफ-सफाई कराई गई, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके और त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्था बनी रहे।

पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए वार्ड के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों को चिह्नित कर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के कारण आसपास स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।

उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके लिए नगर निगम के साथ समन्वय बनाकर वार्ड के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई कराई जाएगी। इसके साथ ही वार्ड में बंद पड़े विद्युत पोलों की मरम्मत का कार्य भी कराया गया है, जिससे नवरात्रि के दौरान प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो सके।

पार्षद ने कहा कि त्योहार के दौरान स्वच्छता, प्रकाश और नागरिक सुविधाओं का ध्यान रखना प्राथमिकता है। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ वार्ड को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना है।

Author

Related Articles

Back to top button