बिरहा कार्यक्रम में जा रहे बाइक सवारों को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
शाहगंज-राबर्ट्सगंज मार्ग पर जैत गांव के पास हादसा, अतरवा गांव के रहने वाले थे दोनों चचेरे भाई; परिवार में मचा कोहराम

सोनभद्र। बिरहा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले दो चचेरे भाइयों के साथ रविवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया। शाहगंज-राबर्ट्सगंज मार्ग पर जैत गांव के समीप ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 37 वर्षीय गोविंद पनिका की मौत हो गई, जबकि उनके चचेरे भाई गूंजलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शाहगंज थाना क्षेत्र के अतरवा गांव निवासी गोविंद पनिका पुत्र रामप्रसाद रविवार की रात अपने चचेरे भाई गूंजलाल पुत्र रामलखन के साथ राबर्ट्सगंज के नई बाजार में आयोजित बिरहा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दोनों एक ही बाइक पर सवार थे। रास्ते में राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के जैत गांव के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में गोविंद को मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने गोविंद पनिका को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल गूंजलाल का उपचार जारी है।
परिवार में पसरा मातम
गोविंद की मौत की खबर मिलते ही अतरवा गांव में मातम छा गया। परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। जिस घर में दोनों के सकुशल लौटने का इंतजार था, वहां अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने गोविंद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया।












