एनटीपीसी विंध्याचल में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित

सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान द्वारा आईटी विभाग के सहयोग से 12 अक्टूबर 2026 को साइबर सुरक्षा पर अर्धदिवसीय जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें स्टेशन नेतृत्व एवं स्टेशन प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य निर्बाध विद्युत उत्पादन सुनिश्चित करने और महत्वपूर्ण विद्युत संरचनाओं को साइबर खतरों से सुरक्षित रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने किया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता एम.ए.के.पी. सिंह उपस्थित रहे, जो केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के पूर्व सदस्य (जलविद्युत) एवं विद्युत मंत्रालय के पूर्व मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी हैं।
अपर महाप्रबंधक (आईटी) सौरभ बनौधा ने अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों का स्वागत करते हुए साइबर खतरों से बचाव के लिए सतर्कता और निवारक उपाय अपनाने पर जोर दिया।
कार्यकारी निदेशक किशोर कुमार होता ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल आईटी विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिचालन सुरक्षा और विद्युत उत्पादन की विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने एससीएडीए, संरक्षण प्रणालियों और आईटी नेटवर्क से जुड़े संभावित जोखिमों का उल्लेख करते हुए जागरूकता, सतर्कता एवं पूर्व तैयारी को साइबर खतरों से बचाव की पहली रक्षा पंक्ति बताया। उन्होंने जिम्मेदार साइबर सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।













