मॉडल रोड के डामरीकरण कार्य का आयुक्त ने किया निरीक्षण
सड़क की मोटाई एवं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के दिए निर्देश

निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने पर दिया जोर
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने राजीव चैक से इंद्रा चैक तक निर्माणाधीन मॉडल रोड के डामरीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने सड़क की निर्धारित मोटाई सुनिश्चित करने तथा डामरीकरण में उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़क की मजबूती एवं गुणवत्ता बनी रहे। साथ ही, डामर का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य लगातार जारी रहे और सामग्री की कमी के कारण कार्य प्रभावित न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता संबंधी सभी तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त ने निर्देशित किया कि मॉडल रोड का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता, सड़क की निर्धारित मोटाई और तकनीकी मानकों के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मॉडल रोड का निर्माण पूर्ण होने से नागरिकों को सुगम एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। नगर निगम द्वारा विकास कार्यों की सतत निगरानी कर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री अरविंद मडराई सहित संबंधित तकनीकी अमला उपस्थित रहा।













