क्राइम न्यूज़देश विदेशबड़ी खबर

बैंकॉक के पास बड़ा रेल हादसा, 22 यात्रियों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

नई दिल्ली/बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के पास एक भीषण रेल हादसे में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब निर्माणाधीन हाई-स्पीड रेल परियोजना की एक क्रेन चलती ट्रेन के ऊपर गिर गई, जिससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए।

जानकारी के अनुसार, बैंकॉक से उत्तर-पूर्वी थाईलैंड के उबोन रत्चथानी जा रही ट्रेन नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हादसे का शिकार हुई। यह इलाका बैंकॉक से करीब 230 किलोमीटर दूर स्थित है।

नाखोन रत्चासिमा के स्थानीय पुलिस प्रमुख थचापोन चिन्नावोंग ने बताया कि हादसे में अब तक 22 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हाई-स्पीड रेल परियोजना के तहत निर्माण कार्य के दौरान एक भारी क्रेन अचानक गिर पड़ी और उसी समय गुजर रही ट्रेन से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन के कुछ डिब्बों में आग भी लग गई, हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।

घटना के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से चलाया गया। पुलिस और प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button