बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

1 नवंबर को सिंगरौली में जुटेंगे शतरंज के खिलाड़ी, ओपन टूर्नामेंट में दिखेगा हुनर

एनसीएल, एनटीपीसी और हिंडाल्को के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता और विद्यार्थी भी लेंगे हिस्सा

सिंगरौली। जिले में शतरंज को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से द्वितीय लायंस क्लब ओपन शतरंज टूर्नामेंट-2026 का आयोजन 1 नवंबर को सैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बरगवां में किया जाएगा। सिंगरौली शतरंज संघ के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों के भाग लेने की संभावना है।

प्रतियोगिता में एनसीएल, एनटीपीसी और हिंडाल्को के प्रतिभागियों के साथ डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, विद्यालयों-महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा फिडे रेटेड खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। आयोजन का उद्देश्य जिले में शतरंज की संस्कृति को मजबूत करना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

विभिन्न आयु वर्गों में मिलेंगे पुरस्कार
टूर्नामेंट में ओपन वर्ग के विजेताओं को ट्रॉफी और पुरस्कार दिए जाएंगे। अंडर-17, अंडर-13, अंडर-11 और अंडर-9 वर्ग में बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। महिला, दिव्यांग और 55 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के साथ सर्वश्रेष्ठ विद्यालय को भी सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रत्येक खिलाड़ी को 15 मिनट का समय तथा हर चाल पर 5 सेकंड की अतिरिक्त वृद्धि मिलेगी। मुकाबले में लगभग 7 से 8 चक्र खेले जाने की योजना है।

लायंस क्लब विद्युत विहार प्रतियोगिता का प्रायोजक है, जबकि सैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एस. स्क्वायर चेस अकादमी सह-प्रायोजक हैं। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों, शैक्षणिक संस्थानों और खेलप्रेमियों से भागीदारी कर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए नेशनल आर्बिटर सुरेंद्र गुप्ता से मोबाइल नंबर 8839741299 पर संपर्क किया जा सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button