गुरुग्राम में एक्सप्रेस-वे पर खड़ी बस से टकराई कार, पति-पत्नी और बच्ची की मौत, 2 बच्चे गंभीर

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार तड़के दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। लोहटकी गांव के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी बच्ची की मौत हो गई, जबकि कार में सवार 2 अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 3 बजे हुई। कार में कुल 5 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि परिवार राजस्थान स्थित बालाजी धाम के दर्शन करने के बाद दिल्ली लौट रहा था। इसी दौरान लोहटकी गांव के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी टूरिस्ट बस से जा टकराई।
टक्कर के बाद कार बुरी तरह पिचक गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को बाहर निकालने में मदद की। कार में फंसे एक बच्चे को निकालने के लिए वाहन का अगला हिस्सा काटना पड़ा।
पुलिस ने दोनों घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ी बस की स्थिति और कार की गति सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।













