देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर 1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस का मार्च, राहुल गांधी ने कहा- लाठियों से न डरें

रामलीला मैदान में जुटेंगे कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के समर्थक, दिवाली के कारोबार पर असर की आशंका जता रहे व्यापारी

नई दिल्ली। कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी मुहिम तेज कर दी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे आने वाले लोगों को पुलिस या लाठियों से डरने की जरूरत नहीं है।

कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन इंडिया इस मार्च के जरिए चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाने की तैयारी कर रहा है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में छात्र संगठनों सहित आम लोगों से राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्यक्रम की तैयारी

कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन ने 30 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक महाभियोग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। कांग्रेस का कहना है कि पहले अशोक होटल और फिर रामलीला मैदान में कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिली। अब इसे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित करने की तैयारी है। विपक्ष चुनावी सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

व्यापारियों ने तारीख आगे बढ़ाने की मांग की

दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने मार्च को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने की अपील की है। व्यापारियों के अनुसार, रामलीला मैदान के आसपास करीब 20 प्रमुख बाजार हैं। संभावित यातायात प्रतिबंधों और जाम से दिवाली के आसपास खरीदारी तथा कारोबार प्रभावित हो सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button