देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अमेरिका के फ्लोरिडा में भीषण विमान हादसा, रिहायशी इलाके की सड़क पर गिरा बिजनेस जेट, 9 लोगों की मौत

 

फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में सोमवार को एक भीषण विमान हादसे में बिजनेस जेट में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन से बहामास के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही वह एक रिहायशी इलाके में व्यस्त सड़क पर जा गिरा। जमीन से टकराते ही विमान में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। हादसे में सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि विमान आसपास के मकानों और वाहनों से नहीं टकराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे की ओर आया और नाक के बल सड़क से टकरा गया। टक्कर के बाद आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार फैल गया। विमान रिहायशी मकानों से कुछ ही दूरी पर गिरा। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।

अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी के मुताबिक, विमान मिलिट्री ट्रेल और 10वें एवेन्यू नॉर्थ के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय की टीमें और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास यातायात रोक दिया गया और एहतियातन कुछ घंटों के लिए बिजली आपूर्ति भी बंद रखी गई।

संघीय विमानन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच एजेंसियां विमान के मलबे और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button