होशियारपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के घर ईडी की छापेमारी, सुबह 5 बजे पहुंची टीम

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर छापेमारी की। ईडी के अधिकारी सुबह करीब 5 बजे 3 गाड़ियों से जोधा मल रोड स्थित उनके घर पहुंचे और जांच शुरू की। कार्रवाई की खबर फैलते ही इलाके में हलचल मच गई।
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने अरोड़ा के आवास में दाखिल होने के बाद पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। घर के आसपास सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान सुंदर शाम अरोड़ा भी अपने आवास पर मौजूद थे।
फिलहाल ईडी की इस कार्रवाई के पीछे किस मामले की जांच की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। न ही अधिकारियों की ओर से छापेमारी के उद्देश्य या जांच से संबंधित कोई बयान जारी किया गया है। टीम की कार्रवाई जारी रहने के बीच स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन जांच के कारणों की पुष्टि आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही हो सकेगी।













