यूपी में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ओमनी कार की टक्कर में 6 लोगों की मौत, 2 गंभीर घायल

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में नेशनल हाईवे-28 पर देर रात मारुति ओमनी कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास हुई। कार सवार लोग रिश्तेदारी में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी कार टकरा गई। मृतकों में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाराबंकी में एसयूवी की टक्कर से 3 किशोरों की मौत
उधर, बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार एसयूवी ने 2 बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में भंडारे का प्रसाद लेने जा रहे अनूप (18), विमलेश (19) और अनिल यादव (17) की मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया और एसयूवी चालक की पिटाई की। पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया और यातायात बहाल कराया।













