बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

अवैध शराब से भरे ट्रक ने खातेगांव टीआई को कुचला, इलाज के दौरान मौत; चालक फरार

 

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रविवार देर रात करीब 1:30 बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई। गंभीर रूप से घायल टीआई को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, टीआई दिलीप पुरी को अवैध शराब से भरे ट्रक की सूचना मिली थी। वे पुलिस टीम के साथ हाईवे पर कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। नेमावर पुलिस भी इसी ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस टीम को ट्रक डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला। टीआई पुरी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन इसी दौरान चालक ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने लगा। ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर चढ़ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

संदलपुर में ट्रक छोड़कर चालक फरार

घटना के बाद चालक ट्रक को डिवाइडर पार कर संदलपुर तक ले गया और वहां छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कराया है। देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे। टीआई के परिवार को भी घटना की सूचना दे दी गई। उनके परिवार में पत्नी कविता और एक बेटा-बेटी हैं।

ट्रक में शराब की मात्रा को लेकर सवाल

घटना के बाद ट्रक में शराब की मौजूदगी और उसकी मात्रा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर ट्रक खाली मिला, जबकि आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत के अनुसार ट्रक के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी। उन्होंने बताया कि ट्रक का कंपार्टमेंट बेस से करीब 2 फीट ऊंचा है और शराब की गिनती अभी नहीं हुई है। शराब कहां से लाई गई थी, इसका पता गिनती के बाद चल सकेगा। पुलिस चालक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button