जबलपुर में हाईकोर्ट के अधिवक्ता पर देर रात हमला, धारदार हथियार से सिर पर किया वार

जबलपुर। शहर में रविवार देर रात हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता पर बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले फोन कर उन्हें कार्यालय से बाहर बुलाया और फिर रुपए की मांग की। विरोध करने पर धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद बेसबॉल और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से अधिवक्ताओं में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, शिव नगर निवासी अधिवक्ता राबिन जैन रविवार रात करीब 12:30 बजे अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान विजय ठाकुर का उनके मोबाइल पर फोन आया और उन्हें बाहर बुलाया गया। जैसे ही राबिन कार्यालय से बाहर निकले, वहां विजय ठाकुर के साथ बिरजू, बिट्टू पांडे और अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने उन्हें घेरकर रुपए मांगे। इनकार करने पर धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया और जमीन पर गिरने के बाद बेसबॉल तथा लाठी-डंडों से पीटा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
साथी अधिवक्ताओं ने अस्पताल पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलते ही साथी अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और घायल राबिन जैन को जिला अस्पताल पहुंचाया। अधिवक्ता रोहित कुरैल ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर अधिवक्ता कोतवाली थाने का घेराव करेंगे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घायल अधिवक्ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राबिन जैन ने आरोप लगाया है कि हमलावर आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से मामले दर्ज हैं। उन्होंने आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने की बात भी कही है। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।













