एनटीपीसी-विंध्याचल के 6 कर्मचारी सेवानिवृत्त, गरिमामय समारोह में दी गई भावभीनी विदाई

सिंगरौली। एनटीपीसी-विंध्याचल परियोजना में 31 अक्टूबर 2026 को दीर्घकालीन सेवाएं पूरी करने वाले 6 कर्मचारियों को गरिमामय समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई। उमंग भवन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में परियोजना के महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजनों ने सहभागिता की।
सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में पावन कुमार सिंह, सहायक प्रबंधक (रसायन), बीरबल टोप्पो, अभियंता एसएलपीएस (प्रचालन), बाबूजी शर्मा, अधिकारी एसएलपीएस (स्टोर), रमेश कुमार समुंदरे, उप अधिकारी (चिकित्सा), जाकिर हुसैन, प्रचालक एसएलपीएस (स्टोर) और हरि प्रसाद चमार, प्रचालक (फ्यूल हैंडलिंग) शामिल रहे।
समारोह की शुरुआत में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने उमंग भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसके बाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एम. सुरेश ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। यूनियन और एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर एम. सुरेश ने कहा कि एनटीपीसी-विंध्याचल को वर्तमान ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। संस्था उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगी। विभागाध्यक्षों ने भी सभी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ और सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान के क्रम में महाप्रबंधक एम. सुरेश एवं अन्य महाप्रबंधकों ने सभी कर्मचारियों को श्रीफल, शाल और स्मृति-चिह्न भेंट किए। साथ ही एनटीपीसी में उनकी दीर्घ सेवाओं के लिए दीर्घ सेवा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए एनटीपीसी के साथ बिताए समय को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी ने उन्हें पहचान और कार्य करने का अवसर दिया, जिसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने अपने सहकर्मियों से मिले सहयोग और स्नेह के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) पूर्णिमा चतुर्वेदी ने किया। समारोह में महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे।













