ताला तोड़कर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8 मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

सिंगरौली। सिंगरौली जिले की जियावन थाना पुलिस ने घर में घुसकर ताला तोड़ने और नकदी व मोबाइल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया, जबकि उसका साथी अभी फरार है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी गंगाशरण (31), निवासी साखिनी थाना खैरगढ़, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में ग्राम हर्राचन्देल में रह रहे हैं। उन्होंने 1 नवंबर 2026 की रात करीब 3 बजे घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी के मुताबिक, एक व्यक्ति घर में घुसकर 2 मोबाइल और 40,000 रुपये नकद लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अरविंद कुशवाहा (20), पिता गणेश कुशवाहा, निवासी कर्र्थुआ, थाना चितरंगी के रूप में हुई। बताया गया कि उसका साथी बब्बू बंसल उर्फ बाबूराम बंसल निवासी नन्दगांव, थाना नवानगर सड़क पर रेकी कर रहा था। वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 722/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ बैढ़न से देवसर क्षेत्र तक 14 मोबाइल फोन और 40,000 रुपये नकद चोरी करने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपी को देवसर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपी बब्बू बंसल की तलाश कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में सउनि. तेजबहादुर सिंह, सउनि. दिनेश कुमार, प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह (399), आरक्षक प्रभात कुमार दुबे (79) और आरक्षक बृजेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।













