ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में रेलवे के 5 सायरन से मचा हड़कंप, हादसे की आशंका में दौड़े अधिकारी-कर्मचारी

दुर्घटना राहत ट्रेन में पहुंचे चिकित्सक और बचाव दल, बाद में पता चला नियमित मॉकड्रिल के तहत बजाए गए थे खतरे के सायरन

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्यालय जबलपुर में गुरुवार दोपहर अचानक खतरे के 5 लंबे सायरन बजने से अफरा-तफरी मच गई। सायरन की आवाज सुनते ही रेल हादसे की आशंका में रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) की ओर दौड़ पड़े। रेलवे अस्पताल के चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ भी तत्काल राहत ट्रेन में पहुंचने लगे।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:15 बजे रेलवे मुख्यालय में रुक-रुककर 5 बार लंबे सायरन बजाए गए। रेलवे में इस तरह के सायरन संभावित दुर्घटना की सूचना और राहत-बचाव दल को सक्रिय करने का संकेत होते हैं। अचानक सायरन बजने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। शुरुआती तौर पर स्लीमनाबाद के आसपास किसी रेल दुर्घटना की आशंका भी जताई गई।

हालांकि, कुछ ही देर बाद रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कहीं कोई रेल हादसा नहीं हुआ है। दरअसल, यह नियमित मॉकड्रिल का हिस्सा था। इसके जरिए अधिकारियों, कर्मचारियों और मेडिकल टीम की सतर्कता, तत्परता तथा निर्धारित समय में राहत संसाधनों तक पहुंचने की क्षमता का परीक्षण किया गया।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि कोई रेल हादसा नहीं हुआ था। स्टाफ की सतर्कता परखने के लिए समय-समय पर इस तरह की मॉकड्रिल आयोजित की जाती हैं।

Author

Related Articles

Back to top button