देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

खूंटी में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 4 महिलाओं और 3 बच्चों समेत 7 की मौत

सड़क किनारे खड़े लोगों को 18 पहियों वाले ट्रक ने कुचला, एक युवती घायल; चालक और खलासी फरार

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। मृतकों में 4 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। घायल खुशबू कुमारी का खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:45 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के समीप झाड़ियों में गिर गया था। उसे देखने और मदद के लिए आसपास की महिलाएं और बच्चे मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और सौरभ नायक के रूप में हुई है। सभी जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के निवासी थे।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक नशे में था और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहा था। ट्रक का नंबर जेएच 02 एजे 1377 बताया गया है। हादसे के बाद चालक और खलासी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button