एक घंटे में मां की गोद में लौटी 3 साल की मासूम, विंध्यनगर पुलिस की तत्परता से परिवार से मिली बच्ची

सिंगरौली। परिजनों से बिछड़कर रो रही 3 वर्षीय मासूम बच्ची के लिए विंध्यनगर पुलिस सहारा बन गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज एक घंटे के भीतर बच्ची को उसके परिवार से मिला दिया। अपनी लाडली को सकुशल वापस पाकर माता-पिता के चेहरे पर खुशी और सुकून लौट आया।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक आराधना सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, थाना विंध्यनगर क्षेत्र में करीब 3 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। वह रोती हुई मिली, लेकिन कम उम्र होने के कारण अपने घर का पता नहीं बता पा रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने बच्ची की तस्वीर और आवश्यक जानकारी पुलिस ग्रुपों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित की। इसके साथ ही थाना क्षेत्र में भ्रमण कर परिजनों की तलाश की गई। पुलिस के प्रयासों से करीब एक घंटे के भीतर इंद्रा चौक पर बच्ची का भाई मिल गया। उससे परिवार की जानकारी प्राप्त होने के बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया और मां की गोद में सौंप दिया।
अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और विंध्यनगर पुलिस के प्रति आभार जताया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया।













