एनसीएल ब्लॉक बी कोयला खदान में ग्रामीणों का हंगामा, नौकरी की मांग को लेकर काम रोका

सिंगरौली जिले में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की गोरबी स्थित ब्लॉक बी कोयला खदान में सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों ने नौकरी की मांग को लेकर हंगामा किया। प्रभावित और विस्थापित परिवारों के प्रतिनिधि खदान में पहुंचे और ओवरबर्डन हटाने का काम रोक दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेका कंपनी अजंता राधा ने रोजगार बाहरी लोगों को दिया और स्थानीय प्रभावितों को नौकरी नहीं दी। पडरी गांव सहित आसपास के चार गांवों के ग्रामीण एकजुट होकर खदान परिसर में प्रदर्शन करने लगे। स्थानीय निवासी कौशल प्रसाद शाह ने बताया कि खदान विस्तार में उनकी लगभग पांच एकड़ जमीन और मकान चले गए, लेकिन अब तक उन्हें रोजगार नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलने पर गोरबी पुलिस मौके पर पहुंची। मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से संभालने का प्रयास कर रही है और कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर रोजगार संबंधी मांगों का समाधान निकाला जाएगा।













