देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अयोध्या में 30 लाख दीपों से जगमगाएंगे 56 घाट, विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी पूरी

 

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राम की पैड़ी सहित सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीप सजाए गए हैं। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के करीब 35 हजार स्वयंसेवकों ने तीन दिनों की मेहनत के बाद दीप सज्जा का कार्य पूरा किया। शनिवार शाम उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आयोजन के जरिए अयोध्या एक बार फिर दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। पहली बार देश के उपराष्ट्रपति दीपोत्सव में शामिल हो रहे हैं।

पुष्पक विमान से पहुंचेगा राम दरबार

दीपोत्सव में त्रेतायुग के प्रसंगों को जीवंत किया जाएगा। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप विशेष हेलीकॉप्टर से अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद भरत मिलाप और पुष्पवर्षा के बीच शोभायात्रा निकाली जाएगी। रामकथा पार्क में उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। इससे पहले साकेत महाविद्यालय से निकली रामराज्याभिषेक शोभायात्रा में करीब 2,500 कलाकारों ने रथों, झांकियों और घुड़सवारों के माध्यम से रामायण के प्रसंग प्रस्तुत किए।

राम मंदिर परिसर में एक लाख दीपों की सजावट

राम जन्मभूमि परिसर में भी एक लाख दीप जलाए जाएंगे। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के अनुसार, व्यवस्थाओं के लिए परिसर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है और 1,500 कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य मंदिर के साथ सभी 18 उप-मंदिरों को भी दीपों से सजाया गया है। रामलला को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।

2100 ड्रोन से होगा विशेष शो

‘नव भारत की नई अयोध्या’ थीम पर आयोजित समारोह में 50 डिजिटल स्तंभों पर रामायण के प्रसंग दिखाए जाएंगे। शहर के 17 सांस्कृतिक मंचों पर देश-विदेश के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। शाम को 2,147 श्रद्धालु सरयू तट पर एक साथ महाआरती करेंगे। इसके बाद लेजर शो, प्रोजेक्शन मैपिंग और 2,100 ड्रोन के माध्यम से विशेष प्रदर्शन होगा। इको-फ्रेंडली ग्रीन आतिशबाजी भी आकर्षण रहेगी।

दीपोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से पर्यटक अयोध्या पहुंचे हैं। विशिष्ट अतिथियों की आवाजाही के लिए 80 गोल्फकार्ट, 10 ट्रैवलर और 20 लग्जरी एसी बसें तैनात की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर स्वयंसेवकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button