देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई और जहरीली, 376 पहुंचा एक्यूआई

जहांगीरपुरी में प्रदूषण का स्तर 463 दर्ज, सोमवार से राजधानी में गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है हवा

 

नई दिल्ली। दीपावली के बाद राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 376 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। वहीं, मौसम विभाग और वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार यानी 9 नवंबर से राजधानी की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है। सुबह से ही दिल्ली के कई इलाकों में धुएं और कोहरे की घनी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई।

 

जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा प्रदूषण

रविवार को दिल्ली के 59 निगरानी केंद्रों में से 12 केंद्रों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि 22 केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता बहुत खराब रही। जहांगीरपुरी सबसे अधिक प्रदूषित इलाका रहा, जहां एक्यूआई 463 तक पहुंच गया। शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 369 था, जो रविवार को बढ़कर 376 हो गया।

 

9 नवंबर से गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका

दिल्ली के एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 नवंबर से अगले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में रह सकती है। प्रदूषण बढ़ने के पीछे दीपावली पर पटाखों का इस्तेमाल, वाहनों से निकलने वाला धुआं, पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

 

हवा की कम रफ्तार से बढ़ी परेशानी

विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की गति कम होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ही जमा हो रहे हैं और उन्हें फैलने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहा है। रविवार को पीएम2.5 राजधानी का प्रमुख प्रदूषक रहा। पटाखों से निकलने वाले धुएं ने भी हवा में सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ा दी है। हवा की औसत गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने और वेंटिलेशन इंडेक्स 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे होने पर प्रदूषण का प्रभाव और गंभीर हो जाता है।

 

प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा

 

दिल्ली के डिसीजन सपोर्ट सिस्टम के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को राजधानी के कुल प्रदूषण में परिवहन क्षेत्र की हिस्सेदारी 19 प्रतिशत रही। वहीं, पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण का योगदान करीब 3.5 प्रतिशत आंका गया। सोमवार को पराली से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी घटकर लगभग 2.99 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, 0 से 50 तक एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है। ऐसे में दिल्ली की हवा का 376 तक पहुंचना राजधानीवासियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।

 

Author

Related Articles

Back to top button