दिवाली की रात भीषण आग से उजड़ा परिवार, महाराष्ट्र में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

मुंबई। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा हो गया। सोमवार तड़के किराना दुकान में लगी भीषण आग ने पास स्थित मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक ही परिवार के 6 सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हो गई। मृतकों में बुजुर्ग दंपती, उनके बेटे-बहू और 15 व 16 साल की 2 किशोरियां शामिल हैं। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे येडशी गांव स्थित करंडे किराना स्टोअर्स एंड गिफ्ट वेअर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान से सटे मकान तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने भी आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो चुकी थी।
करंडे परिवार की 3 पीढ़ियों के 6 सदस्यों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उत्तम त्रिंबक करंडे (75), चंद्रकला उत्तम करंडे (70), गोविंद उत्तम करंडे (47), ज्योति गोविंद करंडे (42), गायत्री गोविंद करंडे (16) और सिद्धि गोविंद करंडे (15) के रूप में हुई है। एक ही परिवार की 3 पीढ़ियों के 6 सदस्यों की मौत से येडशी गांव में शोक की लहर फैल गई है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच कर रही है। शॉर्ट सर्किट सहित आग लगने के अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। दिवाली की रात हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।













