देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

दिसंबर 2028 तक गुजरात को नशा-मुक्त बनाने का लक्ष्य, अमित शाह ने युवाओं को नशे से बचाने की अपील की

अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिसंबर 2028 तक गुजरात को नशा-मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए समाज और अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नशा युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर रहा है और इससे होने वाली कमाई का इस्तेमाल आतंकवाद जैसी गतिविधियों में भी किया जाता है। नशे के कारोबार की जानकारी देने के लिए गुजरात सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर 1033 जारी किया गया है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

अहमदाबाद के बडाज इलाके में आयोजित कार्यक्रम में अमित शाह ने 700 से अधिक नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन किया और विभिन्न विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित कीं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 1,400 करोड़ रुपये के कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इनमें लगभग 1,100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं अहमदाबाद नगर निगम से जुड़ी हैं, जबकि सड़क एवं भवन विभाग तथा भारत सरकार की करीब 400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।

रामापीर टेकरा में गरीब परिवारों को मिले पक्के मकान

अमित शाह ने रामापीर टेकरा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत इसी क्षेत्र से हुई थी। वर्ष 1985 में जब वे यहां मतदाता पहचान पत्र और पर्चियां बांटने जाते थे, तब इलाके में गंदगी, सीवेज, पेयजल की कमी, बीमारियों और शिक्षा सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याएं थीं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की योजना शुरू की थी। अब इस योजना के तहत लोगों को बेहतर आवास मिल रहे हैं। शाह के मुताबिक, परियोजना पूरी होने पर परिसर में 55,000 से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा, मनोरंजन, पुस्तकालय, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

नशा बेचने वालों की सूचना हेल्पलाइन पर देने की अपील

गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात और केंद्र सरकार के बीच हुई बैठक में राज्य को नशा-मुक्त बनाने पर विशेष चर्चा हुई। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई नशे का कारोबार करता है तो इसकी जानकारी हेल्पलाइन नंबर 1033 पर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिसंबर 2029 तक पूरे देश को नशा-मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा है, जबकि गुजरात को दिसंबर 2028 तक इस दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सरकार के साथ समाज और माता-पिता की सतर्कता भी जरूरी है।

Author

Related Articles

Back to top button