संघ 100 साल से किसी की कृपा से नहीं, स्वयंसेवकों के समर्पण से चल रहा : मोहन भागवत

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि संघ ने अपने 100 वर्षों के सफर में किसी की कृपा या सहायता के भरोसे नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों के कर्तव्य और समर्पण के बल पर अपनी यात्रा जारी रखी है। संघ का मूल उद्देश्य व्यक्ति निर्माण है और इसी के माध्यम से समाज तथा देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय के साथ बिगड़ने और सुधारने की गति के बीच संतुलन बनाकर काम को और तेज करने की जरूरत है।
भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक के मुख्यालय और सभागार के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रचारकों के जीवन पर आधारित स्मृति ग्रंथ का विमोचन भी किया गया। भागवत ने कहा कि भवन का उद्घाटन और प्रचारकों पर पुस्तक का विमोचन तपस्या और उसके परिणाम को एक साथ देखने जैसा है।
व्यक्ति निर्माण को संघ ने बनाया कार्यपद्धति का आधार
संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के विचारों का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि उन्होंने अपने अनुभव से समझा था कि मनुष्य को अच्छा बनाया जाए तो बाकी व्यवस्थाएं भी बेहतर हो सकती हैं। इसी सोच के आधार पर संघ व्यक्ति निर्माण की पद्धति के रूप में काम कर रहा है।
उन्होंने एक राजा और तपस्वियों की कहानी सुनाते हुए बताया कि किस तरह साधारण परिस्थितियों में रहने वाले ऋषि दूसरों के लिए बेहतर व्यवस्था करने में जुटे रहते थे। भागवत ने इस प्रसंग के माध्यम से समर्पण और निस्वार्थ सेवा के महत्व को समझाया।
स्वयंसेवक अपने समय और आचरण से देते हैं योगदान
भागवत ने कहा कि संघ के प्रत्येक स्वयंसेवक का योगदान महत्वपूर्ण है। कुछ लोग अपना समय देकर काम करते हैं, जबकि जो लोग नियमित समय नहीं दे पाते, वे अपने जीवन और आचरण से सकारात्मक वातावरण बनाने में भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संघ को तेजी से काम करना है, क्योंकि समय के साथ उसकी होड़ लगी हुई है।
प्रचारकों के जीवन में समर्पण सबसे बड़ा गुण
प्रचारकों के योगदान पर बोलते हुए भागवत ने कहा कि हर व्यक्ति का स्वभाव, कार्यक्षमता और गुण अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन प्रचारकों में एक बात समान होती है और वह है उनका समर्पण। उन्होंने कहा कि प्रचारक अपना पूरा जीवन संघ के कार्य में लगा देते हैं और बदले में किसी सम्मान या व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा नहीं रखते।
भागवत ने बताया कि विकसित देशों में भी लोगों को यह जानकर आश्चर्य होता है कि संघ में ऐसे कार्यकर्ता कैसे तैयार होते हैं, जो बिना किसी व्यक्तिगत लाभ और प्रशंसा की अपेक्षा के दशकों तक काम करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रचारकों पर पुस्तकें लिखने का उद्देश्य उनके जीवन और समर्पण को समाज के सामने लाना है, न कि उनके लिए किसी सम्मान की व्यवस्था करना।
उन्होंने पुराने प्रचारकों के अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रचारक के अपने विशेष गुण होते हैं। कोई अपने साथ काम करने वालों में अनुशासन और व्यवस्था लाता है, तो कोई अपने व्यवहार और कार्यशैली से लोगों को प्रेरित करता है। यही विविधता और समर्पण संघ के काम को आगे बढ़ाने में योगदान देते हैं।













