पालघर में आग से रेलवे का सिग्नलिंग सिस्टम ठप, मुंबई लोकल सहित लंबी दूरी की ट्रेनें प्रभावित

मुंबई। महाराष्ट्र के पालघर जिले में रेलवे ट्रैक के किनारे लगी आग से सिग्नलिंग केबल और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते पश्चिम रेलवे के मुंबई उपनगरीय रेल नेटवर्क पर सोमवार सुबह लोकल ट्रेनों के साथ लंबी दूरी की गाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित रहा। लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं, जिससे कामकाजी दिन में कई स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात 11:20 बजे लगी आग
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, रविवार रात करीब 11:20 बजे दो रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रैक के किनारे झाड़ियों और कचरे में आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक सिग्नलिंग केबल और उपकरण क्षतिग्रस्त हो चुके थे।
सुरक्षा के चलते धीमी गति से निकाली जा रहीं ट्रेनें
आग के कारण संबंधित सेक्शन के कई ट्रैक सर्किट ने काम करना बंद कर दिया। सुरक्षा नियमों के तहत मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों को कॉशन सिग्नल और विशेष सतर्कता के साथ निकाला जा रहा है। इसके चलते लोकल ट्रेनों के अलावा मेल और एक्सप्रेस गाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।
मरम्मत में जुटी रेलवे की टीमें
सोमवार सुबह लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं। पालघर, विरार, बोरीवली और अंधेरी सहित कई स्टेशनों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की तकनीकी टीमें रात से ही क्षतिग्रस्त उपकरणों की मरम्मत और नई केबल बिछाने में जुटी हैं। रेलवे प्रशासन के अनुसार, सिग्नलिंग सिस्टम को पूरी तरह बहाल करने का काम जारी है।













