दिवाली की रात भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार में लगी आग; 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में दिवाली की रात दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। तितावी थाना क्षेत्र के जागाहेड़ी गांव के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मृतकों में एक महिला और बच्चा भी शामिल हैं।
जींद से हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी 6 लोग हरियाणा के जींद जिले के निवासी थे और हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जागाहेड़ी गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। इसके बाद कार में आग लग गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आग बुझाने और कार सवारों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी कार के करीब नहीं पहुंच सका।
दमकल ने बुझाई आग, तब तक जा चुकी थी 6 लोगों की जान
घटना की सूचना मिलते ही तितावी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार में सवार सभी 6 लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
एसपी देहात संजय महाडिक और सीओ फुगाना ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दिवाली की रात हुए इस हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।













