जबलपुर में जरी-गोटे की दुकान में भीषण आग, चौथे फ्लोर पर रखा लाखों का सामान जलकर नष्ट

जबलपुर। शहर के लार्डगंज क्षेत्र में रविवार देर रात जरी-गोटे की एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग से दुकान के चौथे फ्लोर पर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ से 2 घंटे की मशक्कत के बाद 5 से 6 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय निवासी हिना परसवानी ने बताया कि विनोद जरी-गोटेवाला की दुकान उनके घर से लगी हुई है। रात करीब 3 बजे उन्हें कपड़े जलने की गंध महसूस हुई। छत पर जाकर देखा तो दुकान में आग लगी हुई थी और धुआं उठ रहा था। उन्होंने तत्काल लार्डगंज थाना पुलिस को सूचना दी। उनके मुताबिक, आग तेजी से फैल रही थी।
रात 10 बजे पूजा के बाद बंद की थी दुकान
दुकान संचालक विनोद कुमार ने बताया कि उन्होंने रविवार रात करीब 10 बजे दीपावली की पूजा करने के बाद दुकान बंद कर दी थी। रात करीब 3 बजे लार्डगंज थाने से फोन आया कि दुकान के चौथे फ्लोर पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां चौथे फ्लोर पर रखा सामान आग की चपेट में आ चुका था।
विनोद कुमार ने आशंका जताई कि आतिशबाजी के कारण आग लगी होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।













